द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 16 मई : राजगीर मलमास मेला 2026 के सफल आयोजन को लेकर बिहार पर्यटन विभाग और नालंदा जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह धार्मिक मेला 17 मई से 15 जून 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार मलमास के दौरान देवी-देवताओं का निवास राजगीर में माना जाता है। इसी वजह से श्रद्धालु यहां के 22 कुण्डों और 52 धाराओं में स्नान कर पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं। मेले का शुभारंभ 17 मई को ध्वजारोहण और पूजा के साथ होगा। मेला अवधि में 27 मई, 31 मई और 11 जून को शाही स्नान आयोजित किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राजगीर स्टेट गेस्ट हाउस, रेलवे स्टेशन परिसर और ब्रह्मकुंड के पास बड़े जर्मन हैंगर पंडाल बनाए गए हैं। यहां पेयजल, शौचालय, हेल्थ कैंप, सीसीटीवी, कंट्रोल रूम और सस्ती रोटी काउंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मेले की गरिमा बनाए रखने की अपील की है।
