द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना,13 मई।आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए सैदपुर नाला का खुला हिस्सा, जो अब तक ढका नहीं गया है, काफी क्षतिग्रस्त हो चुका है। ऐसे में किसी संभावित दुर्घटना या खतरे से इंकार नहीं किया जा सकता। इसे ध्यान में रखते हुए पाटलिपुत्र नगर विकास समिति ने बुडको के परियोजना निदेशक ई. अशोक कुमार सिंह को आवेदन देकर इस खतरनाक नाले की जल्द से जल्द घेराबंदी कराने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए परियोजना निदेशक ने प्रोजेक्ट मैनेजर कुणाल कुमार को आवश्यक निर्देश दिए। निर्देश के बाद स्थल निरीक्षण कर बुधवार से घेराबंदी का कार्य शुरू कर दिया गया। कार्य में लगे रवि कुमार ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बांस की घेराबंदी कराई।
समिति के अध्यक्ष रितेश कुमार बबलू ने आगे बताया कि परियोजना निदेशक ई. अशोक कुमार सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर कुणाल कुमार एवं एजेंसी से जुड़े सभी लोगों को कोटि-कोटि धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान यह घेराबंदी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
