द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 6 मई | बिहार क्रिकेट जगत के लिए बुधवार का दिन बेहद भावुक और दुखद रहा। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) परिवार वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासक परमानन्द सिन्हा और सारण जिला क्रिकेट संघ की कोषाध्यक्ष नेहा यादव के निधन से शोकाकुल हो गया। दोनों दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बीसीए कार्यालय में शोक सभा आयोजित की गई, जहां क्रिकेट प्रशासन से जुड़े पदाधिकारियों, कर्मचारियों और क्रिकेट परिवार के सदस्यों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शोक सभा के दौरान दिवंगत आत्माओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया और उनके योगदान को याद किया गया। क्रिकेट प्रशासकों और पदाधिकारियों ने कहा कि परमानन्द सिन्हा और नेहा यादव का निधन बिहार क्रिकेट के लिए बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी।
परमानन्द सिन्हा, जिन्हें क्रिकेट जगत में ‘बमबम जी’ के नाम से भी जाना जाता था, लंबे समय तक एकीकृत बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के प्रशासनिक कार्यों से जुड़े रहे। उन्होंने जिला प्रतिनिधि, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट संयोजक, मुजफ्फरपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव और अध्यक्ष जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा उन्होंने बिहार क्रिकेट एसोसिएशन में कोषाध्यक्ष और सचिव के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। क्रिकेट प्रशासन में उनकी कार्यशैली, अनुभव और समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।
वहीं नेहा यादव सारण जिला क्रिकेट संघ में कोषाध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही थीं। उन्होंने जिला क्रिकेट गतिविधियों और प्रशासनिक कार्यों में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ योगदान दिया। उनके निधन से जिला क्रिकेट जगत में भी शोक की लहर है।
बीसीए अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय परमानन्द सिन्हा का बिहार क्रिकेट में योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि नेहा यादव ने भी क्रिकेट प्रशासन में पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य किया। दोनों के निधन से बिहार क्रिकेट परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।
बीसीए सचिव जियाउल आरफीन ने कहा कि परमानन्द सिन्हा एक अनुभवी और दूरदर्शी क्रिकेट प्रशासक थे, जबकि नेहा यादव जिला क्रिकेट गतिविधियों से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई थीं। उन्होंने दोनों दिवंगत आत्माओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
शोक सभा में मौजूद सभी लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। बिहार क्रिकेट जगत में उनके योगदान और सेवाओं को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

The Media Times – Unfiltered. Unbiased. Unstoppable.
The Media Times stands as a pillar of fearless journalism, committed to delivering raw, unfiltered, and unbiased news. In a world saturated with noise, we cut through the clutter, bringing facts to the forefront without agenda or compromise.From hard-hitting investigative reports to thought-provoking analysis, we cover politics, healthcare, business, technology, entertainment and global affairs with an unwavering commitment to truth. Our team of dedicated journalists and experts works relentlessly to challenge narratives, expose realities, and hold power accountable.At The Media Times, we don’t just report the news—we shape conversations, spark change, and empower the public with knowledge.