पटना में हाई अलर्ट और जोरदार तैयारी, आज अमित शाह का आगमन, कल प्रधानमंत्री मोदी करेंगे भव्य रोड शो

द मीडिया टाइम्स डेस्क

पटना, 6 मई |
बिहार की राजधानी पटना में भारतीय जनता पार्टी का बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलने वाला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार शाम 8:30 बजे पटना पहुंचेंगे। वहीं गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना आगमन को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री सुबह 10:30 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से गांधी मैदान तक भव्य रोड शो करेंगे।

प्रधानमंत्री के रोड शो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक सड़क मार्ग को सजाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। जगह-जगह पार्टी के झंडे, बैनर और स्वागत द्वार लगाए जा रहे हैं। भाजपा नेताओं का दावा है कि रोड शो में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और यह बिहार की राजनीति में शक्ति प्रदर्शन का बड़ा संदेश देगा।

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो पटना एयरपोर्ट से शुरू होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी मैदान पहुंचेगा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर कार्यकर्ता और आम लोग प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे रूट पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना पहुंचने के बाद पार्टी नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें भी होने की संभावना है। माना जा रहा है कि बिहार की राजनीतिक रणनीति, संगठन विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खास उत्साह है। पार्टी इसे बिहार में अपने जनाधार और संगठनात्मक ताकत के प्रदर्शन के रूप में देख रही है। वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले चुनावों से पहले भाजपा लगातार बिहार में अपनी सक्रियता बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *