झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही सियासी गहमागहमी तेज हो गई है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को अपने समर्थित उम्मीदवारों को लेकर बड़ा फैसला किया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई कोर कमेटी की अहम बैठक में नौ नगर निगमों के मेयर पद और कई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए समर्थित उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम सहमति बनी है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने की। बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेता और कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 31 जनवरी को हुई पिछली बैठक में प्रत्येक सीट के लिए तीन-तीन संभावित नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया था। सोमवार को केंद्रीय नेतृत्व से मंजूरी मिलने के बाद उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई।
गौरतलब है कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हैं, इसके बावजूद सभी राजनीतिक दल अपने-अपने समर्थित उम्मीदवार मैदान में उतार रहे हैं। भाजपा ने अभी औपचारिक रूप से उम्मीदवारों की सूची सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन चयनित नामों की जानकारी संबंधित जिलाध्यक्षों को भेज दी गई है। इसके साथ ही पार्टी स्तर पर प्रचार और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
रांची नगर निगम के लिए भाजपा ने पूर्व पार्षद रोशनी खलखो को मेयर पद का समर्थित उम्मीदवार बनाया है। रोशनी खलखो चार फरवरी को नामांकन दाखिल करेंगी। वह पहले भी नगर निगम में पार्षद रह चुकी हैं और शहरी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। पार्टी का मानना है कि उनके अनुभव और स्थानीय पकड़ से भाजपा को चुनाव में फायदा मिलेगा।
रोशनी खलखो इससे पहले उस समय चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने समय पर नगर निकाय चुनाव कराने को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। उनकी याचिका पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को जल्द चुनाव कराने का निर्देश दिया था, जिससे निकाय चुनाव की प्रक्रिया को गति मिली।
भाजपा समर्थित मेयर उम्मीदवारों की सूची में रांची से रोशनी खलखो, धनबाद से संजीव अग्रवाल, देवघर से रीता चौरसिया, आदित्यपुर से प्रभाषिनी कालुंडिया, चास से अविनाश कुमार, मानगो से बबीता सिंह, मेदिनीनगर से अरुणा शंकर, हजारीबाग से सुदेश चंद्रवंशी और गिरिडीह से डॉ. शैलेंद्र चौधरी के नाम शामिल हैं।
वहीं नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए गढ़वा से किचन जायसवाल, दुमका से अमिता रक्षित, लोहरदगा से अनिल उरांव और चक्रधरपुर से विजय गगरा को समर्थित उम्मीदवार बनाया गया है। इस बीच धनबाद में पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल के भाजपा छोड़कर झामुमो में शामिल होने से चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

The Media Times – Unfiltered. Unbiased. Unstoppable.
The Media Times stands as a pillar of fearless journalism, committed to delivering raw, unfiltered, and unbiased news. In a world saturated with noise, we cut through the clutter, bringing facts to the forefront without agenda or compromise.From hard-hitting investigative reports to thought-provoking analysis, we cover politics, healthcare, business, technology, entertainment and global affairs with an unwavering commitment to truth. Our team of dedicated journalists and experts works relentlessly to challenge narratives, expose realities, and hold power accountable.At The Media Times, we don’t just report the news—we shape conversations, spark change, and empower the public with knowledge.