जमशेदपुर में बारिश का कहर, सोनारी आदर्श नगर में 1000 लोग घरों में कैद

जमशेदपुर। झारखंड की लौहनगरी जमशेदपुर एक बार फिर मूसलाधार बारिश की मार झेल रही है। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सोनारी आदर्श नगर 7th फेज नार्थ में बीते 48 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। इलाके में करीब 200 परिवारों के 1000 से ज्यादा लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं।

जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों की दैनिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं। गलियों और मुख्य सड़कों पर इतना पानी भर गया है कि दोपहिया वाहन भी चलना मुश्किल हो गया है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण दर्जनों वाहन पानी में डूबकर खराब हो चुके हैं।

स्थानीय निवासी राजेश सिंह ने बताया, “हर साल यही हाल होता है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे, बीमार बुजुर्ग डॉक्टर के पास नहीं पहुंच पा रहे। कोई सुनने वाला नहीं है।” नागरिकों ने आदर्श नगर सोसाइटी और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

स्थानीय महिला फाल्गुनी राय ने बताया कि जेएनएससी के अधीन मुख्य नाला जाम होने से पानी का निकास नहीं हो पा रहा। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि पंपिंग सेट भी काम नहीं कर पा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

स्थानीय लोग सरकार और प्रशासन से इलाके की जलनिकासी की व्यवस्था सुधारने और स्थायी समाधान निकालने की मांग कर रहे हैं, ताकि हर वर्ष की यह पीड़ा अब खत्म हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEnglish