द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 11 मई | बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में सोमवार को नेशनल टैलेंट हंट के माध्यम से चयनित प्रतिभागियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु और बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान प्रवक्ता, पैनलिस्ट और प्रोग्राम रिसर्चर के रूप में चयनित प्रतिभागियों को संवाद कौशल, मीडिया प्रबंधन और पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने चयनित प्रतिभागियों को बधाई दी और कहा कि प्रवक्ता बनना केवल एक पद हासिल करना नहीं, बल्कि पार्टी और जनता की आवाज बनने की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा, “प्रवक्ता के रूप में सफलता मेहनत, तैयारी और लगातार अभ्यास से मिलती है। आपकी बातों में तथ्य, आत्मविश्वास और जनता के मुद्दों की समझ होनी चाहिए। आपको बिहार और देश की सच्चाई को मजबूती से लोगों तक पहुंचाना होगा।”
कृष्णा अल्लावारु ने आगे कहा कि इस क्षेत्र में केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि हिम्मत और आत्मविश्वास भी बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने तर्क, संवाद शैली और सार्वजनिक प्रस्तुति को लगातार बेहतर बनाने की अपील की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने भी कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि नए और ऊर्जावान युवाओं के जुड़ने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
राजेश राम ने कहा, “कांग्रेस पार्टी युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व का अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। नए साथियों के आने से पार्टी की विचारधारा और मजबूती से जनता तक पहुंचेगी।”
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार संजय कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने मीडिया और सार्वजनिक संवाद के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों को व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रवक्ता के लिए तथ्यों की सही जानकारी, भाषा पर पकड़ और संयमित प्रस्तुति सबसे महत्वपूर्ण होती है।
संजय कुमार ने कहा, “आज के दौर में मीडिया और सोशल मीडिया दोनों में जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखना जरूरी है। सही जानकारी और मजबूत तैयारी ही किसी प्रवक्ता की सबसे बड़ी ताकत होती है।”
कार्यक्रम में पूर्व डीजीपी करुणा सागर, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़ समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान चयनित प्रतिभागियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और पार्टी नेतृत्व के साथ संवाद किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेशनल टैलेंट हंट अभियान का उद्देश्य ऐसे युवाओं को मंच देना है जो राजनीति, मीडिया और जनसंवाद के क्षेत्र में बेहतर भूमिका निभा सकें। पार्टी का मानना है कि प्रशिक्षित और जागरूक प्रवक्ता संगठन की विचारधारा को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

The Media Times – Unfiltered. Unbiased. Unstoppable.
The Media Times stands as a pillar of fearless journalism, committed to delivering raw, unfiltered, and unbiased news. In a world saturated with noise, we cut through the clutter, bringing facts to the forefront without agenda or compromise.From hard-hitting investigative reports to thought-provoking analysis, we cover politics, healthcare, business, technology, entertainment and global affairs with an unwavering commitment to truth. Our team of dedicated journalists and experts works relentlessly to challenge narratives, expose realities, and hold power accountable.At The Media Times, we don’t just report the news—we shape conversations, spark change, and empower the public with knowledge.