द मीडिया टाइम्स डेस्क, 1 जून
LPG commercial rate hike : जून महीने की शुरुआत के साथ ही महंगाई ने एक बार फिर आम लोगों और छोटे कारोबारियों को झटका दिया है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 1 जून 2026 से एलपीजी गैस सिलेंडर की नई दरें लागू कर दी हैं। इस बार घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को राहत मिली है, लेकिन कामर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैटरिंग और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
जानकारी के अनुसार, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 42 रुपये तक की वृद्धि की गई है। राजधानी दिल्ली में अब यह सिलेंडर 3113.50 रुपये में मिलेगा। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत बढ़कर 3255.50 रुपये हो गई है। इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले छोटे एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी लगभग 11 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी नई कीमत 821.50 रुपये पहुंच गई है।
हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत की खबर है, क्योंकि इसकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने का असर जल्द ही बाजार में दिखाई दे सकता है। होटल और खानपान व्यवसाय से जुड़े प्रतिष्ठान अपनी बढ़ी हुई लागत की भरपाई के लिए खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ा सकते हैं, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा।
