हेमंत मोहन
पटना, 8 मई | बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा TRE-4 भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जल्द जारी करने और पूर्व की तरह एकल परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को राजधानी पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना कॉलेज परिसर में जुटे और सरकार तथा बीपीएससी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
सुबह करीब 11 बजे पटना कॉलेज से शुरू हुआ यह मार्च गांधी चौक, मुसल्लहपुर हाट, भिखना पहाड़ी, नया टोला, बाकरगंज, जेपी गोलंबर, गांधी मैदान और डाक बंगला चौराहा होते हुए बीपीएससी कार्यालय की ओर बढ़ रहा था। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और TRE-4 का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार लगातार TRE-4 परीक्षा को लेकर टालमटोल कर रही है, जिससे लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। अभ्यर्थियों ने यह भी मांग की कि पूर्व की तरह एक ही परीक्षा आयोजित की जाए ताकि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और सरल बनी रहे।
मार्च के दौरान छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि अभ्यर्थी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ रहे थे, लेकिन गांधी मैदान थाना के पास पहुंचने से पहले ही पुलिस ने प्रदर्शन रोकने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया और आंदोलन को दबाने का प्रयास हुआ।
स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास छात्र नेता दिलीप कुमार को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही अभ्यर्थियों में आक्रोश फैल गया और कुछ देर तक मौके पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। कई प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और सरकार विरोधी नारे लगाने लगे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द TRE-4 का विज्ञापन जारी नहीं किया गया और उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
राजधानी में हुए इस प्रदर्शन ने एक बार फिर बिहार में शिक्षक भर्ती को लेकर बढ़ती बेचैनी और युवाओं के गुस्से को सामने ला दिया है। अब सभी की नजर सरकार और बीपीएससी के अगले कदम पर टिकी हुई है।

The Media Times – Unfiltered. Unbiased. Unstoppable.
The Media Times stands as a pillar of fearless journalism, committed to delivering raw, unfiltered, and unbiased news. In a world saturated with noise, we cut through the clutter, bringing facts to the forefront without agenda or compromise.From hard-hitting investigative reports to thought-provoking analysis, we cover politics, healthcare, business, technology, entertainment and global affairs with an unwavering commitment to truth. Our team of dedicated journalists and experts works relentlessly to challenge narratives, expose realities, and hold power accountable.At The Media Times, we don’t just report the news—we shape conversations, spark change, and empower the public with knowledge.