NEET छात्रा के दुष्कर्म-हत्या मामले पर तेजस्वी यादव का तीखा बयान, बिहार सरकार पर साधा निशाना

पटना।NEET छात्रा के दुष्कर्म और हत्या के मामले में बिहार सरकार द्वारा केस को CBI को सौंपे जाने के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि बिहार का प्रशासनिक ढाँचा भ्रष्ट, अयोग्य और अनप्रोफेशनल है, जो एक बलात्कार और हत्या जैसे गंभीर मामले को भी सुलझा नहीं सकता।

तेजस्वी यादव ने इस कदम को केवल पुलिस की निष्क्रियता का परिणाम नहीं बल्कि एनडीए सरकार के भ्रष्ट और समझौते वाले तंत्र की विफलता करार दिया। उन्होंने कहा, “पुलिस से अधिक यह सरकार की बड़बोली और प्रशासनिक असमर्थता है, जिसके मंत्री-मुख्यमंत्री दिन-रात अपराधियों को पकड़ने की डींगे हांकते हैं।”

उन्होंने नवरुणा कांड जैसे कई मामलों का हवाला देते हुए कहा कि सीबीआई भी 12-13 वर्षों से आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही और जांच बंद कर दी। तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया कि चुनावों में “जंगलराज” की बातें करने वाले अब कहां हैं और बिहार की भ्रष्ट और ध्वस्त विधि व्यवस्था की जवाबदेही कौन लेगा।

राजद नेता ने यह भी चेतावनी दी कि सरकार के हेडलाइन मैनेजमेंट और ध्यान भटकाने की कोशिशों से मामला दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि न्याय सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसे नजरअंदाज करना स्वीकार्य नहीं है।

इस बयान के बाद राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है, क्योंकि बिहार में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। NEET छात्रा के परिवार और जनता की नजर अब सरकार और CBI की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

hi_INHindi